
पौड़ी में गैस संकट पर भड़के उपभोक्ता, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
पौड़ी। शहर के नए बस अड्डे पर मंगलवार को घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित होने से इंडेन गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि रोस्टर के अनुसार सोमवार को गैस वितरण होना था, लेकिन उस दिन भी आपूर्ति नहीं की गई। मंगलवार को सुबह से ही लोग कड़ी धूप में लाइन में लगे रहे, बावजूद इसके घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने से गैस की आपूर्ति अनियमित चल रही है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द समाधान की मांग उठाई। जाम की सूचना मिलते ही पूर्ति विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।
इस बीच जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ता गैस बुकिंग के बाद घर बैठे ही सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे, जिससे इस तरह की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।



