गौचर में पहली बार अलकनंदा तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम

गौचर में पहली बार अलकनंदा तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
गौचर। दिनांक 1 नवंबर 2026 को गौचर क्षेत्र के रघुनाथ मंदिर के समीप पावन अलकनंदा नदी के तट पर पहली बार भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। यह आयोजन सभासद विनीत रावत की अगुवाई में संपन्न हुआ, जिसमें विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। एसजीएम साहब के सहयोग एवं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गंगा आरती के इस पावन अवसर पर वेदान्श एजुकेशन एकेडमी के प्रतिनिधि, बजरंग दल नगर संयोजक दीपक गौर, बजरंग दल जिला संयोजक शुभम् बुटोला विश्व हिंदू परिषद की जिला अध्यक्ष बीना भंडारी प्रांत अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल, प्रकाश गौड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी वार्डों की महिला मंगल दलों, कीर्तन मंडलियों, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अलकनंदा के तट पर दीपों, मंत्रोच्चार, भजनों और सामूहिक आरती के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सुझाव दिया कि इस प्रकार की गंगा आरती को गौचर मेले का भी अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि धार्मिक आस्था के साथ-साथ गौचर की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन और स्थानीय सहभागिता को भी बढ़ावा मिल सके।
सभासद विनीत रावत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा होना नहीं, बल्कि गौचर की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना और समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर जोड़ना है। ऐसे सामूहिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में नियमित रूप से ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।



