
पूर्व विधायक राजकुमार ने छठ पूजा की तैयारियों का किया शुभारंभ, जेसीबी से कराई सफाई व्यवस्था
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
देहरादून, 10 नवंबर 2026। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजकुमार ने आज नई बस्ती, बलबीर रोड एवं टेक बहादुर रोड क्षेत्र में आयोजित होने वाली छठ पूजा की तैयारियों का शुभारंभ किया।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व के भव्य आयोजन को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार, क्षेत्रीय पार्षद निखिल कुमार एवं छठ पूजा समिति के संयोजक रामनाथ ने संयुक्त रूप से जेसीबी मशीन द्वारा आयोजन स्थल की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का कार्य शुरू कराया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि पिछले 18 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिवर्ष कृत्रिम झील का निर्माण कर छठ व्रतियों के लिए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की व्यवस्था की जाती है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आगामी छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।



