उत्तराखंड

मेधावी छात्रों को विधायक विनोद कंडारी का अनूठा तोहफा, सितंबर में कराएंगे भारत दर्शन यात्रा

मेधावी छात्रों को विधायक विनोद कंडारी का अनूठा तोहफा, सितंबर में कराएंगे भारत दर्शन यात्रा

हिमउत्तराखंड न्यूज़ संपादक 

निजी खर्च पर नौवें वर्ष भी जारी रहेगी पहल

छात्र लोकतंत्र, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से होंगे रूबरू

श्रीनगर/देवप्रयाग। देवप्रयाग विधानसभा के मेधावी विद्यार्थियों को एक बार फिर देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। विधायक विनोद कंडारी सितंबर माह में विधानसभा क्षेत्र के टॉपर विद्यार्थियों को अपने निजी खर्च पर ‘भारत दर्शन यात्रा’ पर ले जाएंगे। लगातार नौवें वर्ष आयोजित होने जा रही यह पहल अब देवप्रयाग विधानसभा की एक विशेष पहचान बन चुकी है।

यात्रा की शुरुआत ऋषिकेश में मां गंगा की आरती के दर्शन से होगी। इसके बाद छात्र उत्तराखंड विधानसभा का भ्रमण करेंगे तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके उपरांत दल उत्तर प्रदेश रवाना होगा, जहां विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का अवसर मिलेगा। यात्रा के दौरान छात्र उत्तर प्रदेश विधानसभा, तारामंडल, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर सहित अनेक ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल मेधावी छात्रों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उन्हें भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना भी है। उन्होंने कहा कि अनुभवात्मक शिक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और यह यात्रा उन्हें राष्ट्र की विविधता, संस्कृति तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।

करीब नौ वर्ष पहले शुरू हुई यह पहल आज देवप्रयाग विधानसभा की पहचान बन चुकी है। प्रदेश ही नहीं, अन्य राज्यों में भी इस अनूठी पहल की सराहना की जा रही है। हर वर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के साथ-साथ उन्हें देश की विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी साबित हो रही है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष डा राकेश मोहन मैठाणी, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र कुंवर, मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, वासुदेव भट्ट, देवेंद्र बुटोला आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button