
*सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने किया स्थलीय निरीक्षण*
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक 
*बारिश के तेज बहाव से पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर ढहा, कई गांवों का संपर्क प्रभावित*
- *सेलाकुई।* देर रात हुई भारी बारिश से सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। कांसवाली कोठरी ग्राम पंचायत के सोड़ा गांव को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा बारिश के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। पुल को नुकसान पहुंचने से ग्रामीणों के आवागमन पर असर पड़ा है।
पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर मंगलवार तड़के मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। विधायक ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पुल के संबंध में तत्काल आवश्यक व्यवस्था करने और आवागमन सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान युवा ग्राम प्रधान नीरज नेगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बारिश से क्षेत्र के अन्य मार्ग और पुल भी प्रभावित हुए। विधायक ने भाऊवाला, मांडूवाला, कंडोली-पौंधा मार्ग, सुद्धोवाला स्थित सैनिक कॉलोनी और कोटरा संत्तौर, लोअर कोल्हूपानी सहित कई गांवों को जोड़ने वाले मार्गों और पुल का निरीक्षण किया। यहां भी भारी बारिश के कारण तेज बहाव से पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल पर मलबा जमा होने से भी आवागमन प्रभावित हुआ।
विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर पुल से मलबा हटाने, क्षतिग्रस्त हिस्से की आवश्यक मरम्मत और पुनर्निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग को सुरक्षित करते हुए आवागमन जल्द सुचारु कराने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि जनसुरक्षा और क्षेत्रवासियों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। आपदा से प्रभावित स्थानों पर तत्काल राहत और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।



