
अल्मोड़ा में बाघ के हमले से दहशत, 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
अल्मोड़ा वन प्रभाग के तड़म तोक बोरड़ गांव में बाघ के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे इस इलाके में सोमवार शाम 53 वर्षीय महिपाल सिंह मेहरा पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया, जब वह अपने खेत में घास काट रहे थे। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बीते 15 दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है, जिसने आसपास के गांवों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। इससे पहले भी एक व्यक्ति बाघ का शिकार बन चुका है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के साथ ट्रैंक्विलाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द और ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



