
देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार छह आरोपियों पर एडीजी वी. मुरुगेशन ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक 
13 फरवरी को हुई इस सनसनीखेज घटना में जमशेदपुर के हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने 19 फरवरी को राजकुमार और 23 फरवरी को अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जांच के दौरान पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से छह अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जो अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हो चुके हैं और इनाम राशि बढ़ाने के प्रस्ताव के बाद प्रत्येक पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
फरार आरोपियों में अंकित वर्मा (लोहरदगा), आशुतोष कुमार सिंह (जमशेदपुर), विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज (तीनों बागबेड़ा) और जितेंद्र साहू (उलीडीह) शामिल हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर सूचना दें—सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



