उत्तराखंड

बद्रीनाथ धाम से आया गुप्त दान, नंदानगर बनाला की अनाथ बच्चियों को मिली बड़ी मदद

बद्रीनाथ धाम से आया गुप्त दान, नंदानगर बनाला की अनाथ बच्चियों को मिली बड़ी मदद

हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक 

नंदानगर/चमोली। विकासखंड नंदानगर के बनाला गांव में दुखों का पहाड़ झेल रही तीन अनाथ बच्चियों की मदद के लिए अब लोग आगे आने लगे हैं। बद्रीनाथ धाम से प्राप्त गुप्तदान के रूप में इन बच्चियों को 42 हजार 303 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार बनाला गांव की तीन बहनें — नीमा (15 वर्ष), सोनाक्षी (13 वर्ष) और सुहानी (10 वर्ष) — बीते एक वर्ष में अपने परिवार के चार सदस्यों को खो चुकी हैं। पहले पिता, फिर चाचा और दादा का निधन हो गया। परिवार की अंतिम उम्मीद उनकी मां बीना देवी थीं, लेकिन कुछ दिन पूर्व उनका भी देहांत हो गया। लगातार हुई इन मौतों से तीनों बच्चियां पूरी तरह अनाथ हो गई हैं।

परिवार में अब केवल उनकी 60 वर्षीय दादी गोदावरी देवी बची हैं, जो पिछले तीन वर्षों से लकवे (पैरालिसिस) से पीड़ित हैं और बिस्तर पर हैं। ऐसे में बच्चियों के पालन-पोषण और भविष्य को लेकर गांव सहित क्षेत्र में चिंता बनी हुई है।

इन बच्चियों की पीड़ा सामने आने के बाद कई सामाजिक लोग मदद के लिए आगे आए हैं। इसी क्रम में 25 मई को बद्रीनाथ धाम से श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया गुप्तदान बच्चियों तक पहुंचाया गया। कुल 42,303 रुपये की धनराशि जरूरतमंद बच्चियों को सौंपी गई।

इस नेक कार्य में देवेन्द्र सिंह भंडारी, मनोज रावत (बिट्टू), कुंवर सिंह और अब्बल सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बद्रीनाथ धाम में दानदाताओं से सहयोग राशि एकत्र कर अपने निजी खर्चे पर यह सहायता बच्चियों तक पहुंचाई।

क्षेत्रीय लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही इन बच्चियों के भविष्य को संवारने में मदद मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button