
रुद्रप्रयाग: जनपद के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात डायल 112 के जरिए एक वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली।
रुद्रप्रयाग: जनपद के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार भीरी से औरिंग की ओर जा रहा वाहन संख्या UK 13 TA 1991 अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और SDRF की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घनघोर अंधेरे और विषम परिस्थितियों के बीच संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और SDRF उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में जवानों ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद राहत कार्य चलाया।
हादसे में वाहन सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने अब तक दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने की कार्रवाई जारी है। पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), निवासी ग्राम औरिंग, अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सुरसाल, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।



