
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
देहरादून, 18 अप्रैल 2026
DN 100 यूट्यूब न्यूज़ चैनल के स्वामी एवं पत्रकार मोहम्मद इकराम अंसारी ने आज एक पत्रकार वार्ता के दौरान गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दिनांक 17 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 10:30 बजे, जब वह ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के एक कार्यक्रम से बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने उन्हें रोककर अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने सहित परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी।
इकराम अंसारी के अनुसार, यदि मौके पर मौजूद अन्य पत्रकारों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने बीच-बचाव न किया होता, तो उनके साथ कोई गंभीर घटना घट सकती थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके डिजिटल न्यूज़ चैनल पर प्रसारित एक समाचार एवं वीडियो में सार्वजनिक चंदे में कथित भ्रष्टाचार को उजागर किया गया था, जिसके चलते यह विवाद उत्पन्न हुआ।
पत्रकार इकराम अंसारी ने इस घटना के संबंध में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के कार्यक्रम स्थल बिंदाल गार्डन, भारूवाला (देहरादून) का उल्लेख करते हुए बताया कि उक्त घटना कार्यक्रम समाप्ति के तुरंत बाद हुई।
उन्होंने इस मामले में देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून एवं थाना अध्यक्ष पटेल नगर को लिखित शिकायत प्रेषित कर उचित कानूनी कार्रवाई करने, दोषी के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इकराम अंसारी ने कहा कि उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है और यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित आरोपी पर होगी।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जा सके।
संलग्न:
एसएसपी देहरादून एवं थाना अध्यक्ष पटेल नगर को प्रेषित शिकायत पत्र की प्रतिलिपि।



