
सल्ट में खाई में गिरी कार, बैंक कैशियर की मौत
(हिम उत्तराखंड न्यूज ब्यूरो)
-सल्ट के कूपी बैंड के पास शुक्रवार रात हुआ हादसा
-धूमाकोट पौड़ी के पीएनबी में हेड कैशियर था मृतक
अल्मोड़ा /जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। विकासखंड सल्ट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक कार गहरी खाई में गिर गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शनिवार सुबह मारचूला के कूपी बैंड के पास ग्रामीणों ने खाई में गिरा एक वाहन देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। देखा कि वाहन संख्या यूके 19 बी 0880 खाई में गिरी हुई है। जिसमें एक व्यक्ति फंसा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू कर व्यक्ति को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की शिनाख्त 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट, निवासी कचनाल गाजी, बिजली घर के पास, काशीपुर ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। मृतक मूल रूप से ग्राम सुनवर्मा तल्ला, पटवारी क्षेत्र गुजडू, तहसील धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे। थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह ने बताया कि मृतक पीएनबी बैंक थलीसैंण में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे। पुलिस शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही में जुट गई है।



