
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मोहान रेंज में एक 21 वर्षीय महिला की वन्यजीव के हमले में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के मोहान रेंज अंतर्गत डभरा सौराल के तोक घोड़ीधार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। 21 वर्षीय शालिनी नेगी, पत्नी रविंद्र नेगी, सुबह खेत में गोबर फेंकने गई थीं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान महिला का शव खेत से कुछ दूरी पर बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी वन्यजीव के हमले में उनकी मौत हुई है। हालांकि, किस वन्यजीव ने हमला किया, इसकी पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीव की शीघ्र पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



