
पौड़ी गढ़वाल में 20 वर्षीय छात्र पंकज कुमार की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में छात्रों ने बिरला गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए छात्रों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। उनका कहना है कि सच सामने लाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित थानाध्यक्ष और अन्य जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक छात्र का मामला नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता का सवाल है।
प्रदर्शन में छात्र संघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल, AISA नगर अध्यक्ष अरुणेश मिश्रा, सचिव परवेश बुटोला, पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री और नगर उपाध्यक्ष युवराज सहित कई छात्र शामिल रहे।



