
देहरादून: लूट के बाद गोलीकांड, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर; थानाध्यक्ष घायल
देहरादून | 30 अप्रैल 2026
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक 
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बीती रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया और गोली मारकर फरार हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस टीम ने घायल को साथ लेकर बदमाशों का पीछा किया। जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखने पर पीछा तेज किया गया, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
जवाबी कार्रवाई में एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई। पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को पहले स्थानीय चिकित्सालय और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूछताछ जारी है।



