
देहरादून | कांवली रोड क्षेत्र में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी और पार्षदों ने खुद संभाली सफाई की कमान
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
देहरादून। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से कांवली रोड क्षेत्र में शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड 25 इंद्रेश नगर की एमडीडीए कॉलोनी तथा वार्ड 24 शिवाजी मार्ग क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, जिला प्रशासन एवं नगर निगम देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान में जिलाधिकारी देहरादून एवं प्रशासनिक टीम के साथ क्षेत्रीय पार्षद मनोज जाटव, विशाल कुमार एवं मीनाक्षी मौर्य ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं मैदान में उतरकर कांवली रोड एवं एमडीडीए कॉलोनी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया और कचरा एकत्र कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के इलाकों में सफाई की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
नागरिकों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील
जिलाधिकारी एवं स्थानीय पार्षदों ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से बनता है। लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
अभियान के दौरान “स्वच्छ देहरादून, स्वस्थ देहरादून, सुंदर देहरादून” का संदेश दिया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से देहरादून को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
अभियान में प्रमुख रूप से रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक टीम तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्थानीय लोगों ने भी अभियान में सहयोग करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और नियमित रूप से अपने आसपास साफ-सफाई रखने की आदत विकसित करना रहा।



