उत्तराखंड

लोहाघाट में दर्दनाक हादसा: 34 यात्रियों की जान बचाकर खुद शहीद हो गए चालक बेनीराम

लोहाघाट में दर्दनाक हादसा: 34 यात्रियों की जान बचाकर खुद शहीद हो गए चालक बेनीराम

हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक

लोहाघाट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक बेनीराम ने अदम्य साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए 34 यात्रियों की जान बचा ली, लेकिन इस दौरान स्वयं अपनी जान गंवा बैठे।

जानकारी के अनुसार, बस के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक बेनीराम ने घबराने के बजाय साहसिक निर्णय लिया और बस को सड़क किनारे दीवार से टकरा दिया। उनके इस निर्णय से बस गहरी खाई में गिरने से बच गई और उसमें सवार सभी 34 यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

हालांकि यात्रियों को सुरक्षित बचाने की इस कोशिश में चालक बेनीराम गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

बेनीराम ने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए अंतिम क्षण तक यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। उनका यह बलिदान मानवता, जिम्मेदारी और सेवा भावना का एक अनुपम उदाहरण बन गया है। स्थानीय लोगों, यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके साहस को नमन करते हुए उन्हें सच्चा हीरो बताया है।

स्वर्गीय बेनीराम की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button