उत्तराखंडदेश

गोलियों की तडतडाहट से गूंजा कैंपटी बाहर से आए युवकों ने की फायरिंग ग्रामीणों ने दो को दबोचा FIRING IN KAMPTI VILLAGE

कैंपटी गांव में आकर बाहरी लोगों ने फायरिंग की फायरिंग से दहशत बढ़ गई पुलिस ने फायरिंग करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया

मसूरी: उत्तराखंड में पर्यटकों का हब में से एक मसूरी से सटे कैंपटी में रविवार को गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी. ग्रामीणों का आरोप है कि दो वाहन में सवार अज्ञात युवकों ने कैंपटी गांव घुसकर युवती से अभद्रता की. जब गांव वालों ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्टल निकाल कर खुलेआम पांच राउंड हवाई फायरिंग कर दी. ग्रामीणों ने समझदारी से दो युवकों को पकड़ लिया. जबकि अन्य साथी भागने में सफल रहे. पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है.

स्थानीय अनुज थपलियाल ने घटना के बारे में बताया कि हरियाणा और उत्तराखंड नंबर के दो वाहन में सवार कुछ युवक कैंपटी गांव में घुसे और युवती के साथ अभद्रता करने लगे. ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने ग्रामीणों पर ही पिस्टल तान दी, जिससे माहौल और भी दहशत से भर गया. लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे. उन्होंने तुरंत मोर्चा संभालते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें घेरकर जमकर पीटा. जबकि बाकी युवक जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले.

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कैंपटी गांव (हिम उत्तराखंड न्यूज)

इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी. जिसके बाद कैंपटी पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन लोगों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए कैंपटी पुलिस को मदद के लिए मसूरी पुलिस को भी बुलाना पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाल संतोष कुंवर खुद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. भारी भीड़ और आक्रोश के बीच दोनों युवकों को पुलिस ने भीड़ से रेस्क्यू किया और कड़ी सुरक्षा के बीच मसूरी उप जिला चिकित्सालय लाया गया. जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर, दून मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. वहीं इस पूरी घटना में कैंपटी पुलिस के एसआई भी घायल हो गए, जिनको उप जिला चिकित्सालय लाया गया.

कैंपटी पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई दो वाहन टाटा नेक्सॉन एचआर 26 एफयू 1480 (हरियाणा) और हुंडई एक्सेंट यूके 07बीआर3995 (उत्तराखंड) को जब्त कर लिया है. घटना के बाद गांव में रोष और तनाव का माहौल है. ग्रामीणों का आरोप है कि बाहर से आए युवक गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. जब विरोध किया गया तो गोलियां चला दी. गांव वालों की मांग है कि पुलिस सख्त कार्रवाई करे और ऐसे लोगों पर गैंगस्टर जैसी धाराएं लगाई जाए.

मसूरी कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि घटना कैंपटी थाना क्षेत्र की है. दो गंभीर रूप से घायल युवक सोवीर मल्ल पुत्र अडी मल्ल निवासी उत्तर प्रदेश और सुखचेन पुत्र बल जीत सिंह निवासी पंजाब को मसूरी अस्पताल लाया गया था, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है. साथ ही 5 से 6 अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा. फिलहाल कैंपटी क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और गांव में शांति बनी हुई है. मसूरी और टिहरी पुलिस मिलकर घटना में शामिल अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

मसूरी उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. पांटी ने बताया कि पुलिस द्वारा एक घायल युवक को सुबह और दूसरे को दोपहर में अस्पताल लाया गया था. दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें थी. उन्हें प्राथमिक उपचार देकर तुरंत हायर सेंटर रेफर किया गया है. घटना में कैंपटी पुलिस के एसआई भी घायल हुए. जिनको देहरादून इलाज के लिए भेज दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button