
सुभारती हॉस्पिटल ने एल्पाइन में छात्रों को दी फार्मेसी की विशेष ट्रेनिंग
देहरादून। प्रेमनगर नंदा की चौकी स्थित एल्पाइन कॉलेज में फार्मेसी विभाग के छात्रों के लिए सुभारती हॉस्पिटल की ओर से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को फार्मेसी क्षेत्र से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।इस दौरान विद्यार्थियों को दवाइयों का रिकॉर्ड संधारण, डिस्पेंसिंग की प्रक्रिया, दवाओं का वर्गीकरण, फार्मासिस्ट की भूमिका, पब्लिक बिजनेस मैनेजमेंट और डिजिटल हेल्थ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभारती हॉस्पिटल के प्रसार प्रमुख प्रशांत भटनागर रहे। निर्देशक एसके चौहान द्वारा उन्हें पुष्प देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को फार्मेसी के मूल मंत्र बताए और मरीजों की देखभाल, हॉस्पिटल फार्मेसी की भूमिका तथा फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट न केवल दवाइयों के प्रबंधन का कार्य करता है बल्कि मरीजों तक सही दवा और सही जानकारी पहुँचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे जिनका उत्तर मुख्य अतिथि प्रशांत भटनागर ने विस्तार से दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को फार्मा क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और बेहतर करियर निर्माण के सुझाव भी दिए।कार्यक्रम का संचालन सोमैया मिर्जा ने किया इस अवसर पर अस्पताल के प्रचार प्रसार प्रमुख प्रशांत भटनागर, निर्देशक, एसके चौहान, प्रधानाचार्य कपिल कालरा , आदि मौजूद रहे



