
देहरादून: हुक्का बारों पर सवाल, नाबालिगों की मौजूदगी को लेकर बढ़ी चिंता
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
एक तरफ प्रशासन कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ देहरादून के निरंजनपुर आईटीआई क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस हुक्का बार के बाहर विवाद और झगड़े की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां कथित तौर पर नाबालिग लड़के-लड़कियों का आना-जाना भी लगा रहता है। लोगों का कहना है कि यदि यह सच है तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि युवाओं के भविष्य और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
वीडियो में हुक्का बार के बाहर किसी बात को लेकर हुए विवाद का दृश्य दिखाई दे रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस स्थान पर अक्सर झगड़े और हंगामे की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि यदि लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, तो संबंधित विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाएंगे? क्या नाबालिगों की कथित मौजूदगी और बार-बार होने वाले विवादों की जांच होगी? और क्या क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी?



