
9 दिन बाद मिला मासूम पंकू का शव, जंगल से बरामदगी के बाद इलाके में मातम
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
रुद्रप्रयाग से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां 9 दिनों से लापता 5 वर्षीय मासूम पंकू का शव जंगल से बरामद किया गया है। यह घटना जिले के बाड़ब गांव की है, जहां 4 अप्रैल से बच्चे के लापता होने के बाद लगातार तलाश जारी थी।
मासूम की खोज में जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। रविवार को गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस मामले में वन विभाग के रेंजर हरी शंकर रावत ने बताया कि घटनास्थल पर किसी जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल वन्यजीव हमले की पुष्टि नहीं हो पाई है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।



