
पौड़ी जनपद के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भतकोट (कुंजखाल) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गुलदार (तेंदुआ) के हमले में 4 वर्षीय मासूम दृष्टि, जो हरेंद्र सिंह की पुत्री थी, की दर्दनाक मौत हो गई
हिम उत्तराखंड न्यूज संपादक
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। गुस्साए ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक जिला प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक वे पंचनामा की कार्रवाई नहीं होने देंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और यह इस तरह की पांचवीं घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इलाके में गश्त बढ़ाने, गुलदार को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



