
बिगड़ा मौसम, भारी बारिश-बर्फबारी, अचानक मोबाइल पर आया अलर्ट, जारी हुई चेतावन
,(,हिम उत्तराखंड न्यूज ब्यूरो)
देहरादून। उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। जबकि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।वहीं, अचानक लोगों के मोबाइल पर आए मौसम विभाग के चेतावनी संदेश ने क्षेत्र में हलचल बढ़ा दी। मैसेज के जरिए मौसम में संभावित बदलाव की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।दरअसल, बीते कुछ दिनों से प्रदेश भर में मौसम बदला हुआ है। बीते बृहस्पतिवार से उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है। राज्य के कई पर्वतीय और मैदानी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के करवट लेने की संभावना जताई गई है। मोबाइल पर प्रसारित एक प्रेसिडेंशियल अलर्ट संदेश के अनुसार, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों (3000 मीटर और उससे अधिक) में बर्फबारी के साथ-साथ निचले इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।
अलर्ट में बताया गया है कि बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है। यह संदेश सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली के माध्यम से भेजा गया, जिसे अधिकारियों ने परीक्षण (टेस्ट मैसेज) बताया है। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन और चेतावनी प्रणाली की प्रभावशीलता को परखना है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में समय पर सूचना आम जनता तक पहुंचाई जा सके। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों से दूर रहें।



