उत्तराखंडदेशदेहरादून

भाजपा सरकार की विदेश नीति कमजोर, देश में महंगाई से त्रस्त जनता और संसद में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही : करन माहरा

(हिम उत्तराखंड न्यूज ब्यूरो)

दिनांक: 12 मार्च 2026

भाजपा सरकार की विदेश नीति कमजोर, देश में महंगाई से त्रस्त जनता और संसद में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही : करन माहरा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य श्री करन माहरा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की विदेश नीति उसकी ताकत, स्वाभिमान और अंतरराष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक होती है, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने भारत की विदेश नीति को कमजोर और भ्रमित स्थिति में ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि दशकों से भारत के साथ मजबूत मित्रता निभाने वाले देश जैसे रूस और ईरान के साथ भारत के संबंध संतुलित और सम्मानजनक रहे हैं। इन देशों के साथ भारत ने हमेशा आपसी सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और सामरिक साझेदारी को मजबूत किया था, लेकिन आज ऐसा प्रतीत होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने भारत की स्वतंत्र विदेश नीति को कमजोर कर दिया है और अमेरिका के सामने झुकाव की नीति अपना ली है।

 

श्री माहरा ने कहा कि आज हालात ऐसे बनते जा रहे हैं मानो भारत की विदेश नीति का रिमोट कंट्रोल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हाथ में चला गया हो, जिसके कारण भारत के पारंपरिक मित्र देशों के साथ रिश्तों में दूरी बढ़ती दिखाई दे रही है। यह स्थिति भारत जैसे मजबूत और स्वतंत्र देश की विदेश नीति के लिए चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर देश के भीतर आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है। आज स्थिति यह है कि लोग गैस सिलेंडर जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं। रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। जो सरकार “अच्छे दिनों” का सपना दिखाकर सत्ता में आई थी, वही सरकार आज आम लोगों के लिए रसोई तक महंगी कर चुकी है।

श्री माहरा ने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि जब विपक्ष इन गंभीर मुद्दों को संसद में उठाने की कोशिश करता है, तब सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में देश की जनता से जुड़े मुद्दों – महंगाई, बेरोजगारी और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों – पर चर्चा करना चाहते हैं, तो उन्हें बोलने तक का मौका नहीं दिया जाता। संसद लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है, लेकिन वहां विपक्ष की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि आज देश की जनता यह सवाल पूछ रही है कि आखिर सरकार किसके लिए काम कर रही है – देश की जनता के लिए या अपने राजनीतिक हितों के लिए? विदेश नीति में असंतुलन, देश के भीतर बढ़ती महंगाई और संसद में विपक्ष की आवाज को दबाने की प्रवृत्ति यह स्पष्ट दिखाती है कि भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल प्रचार की राजनीति कर रही है।

श्री माहरा ने कहा कि देश की जनता को मजबूत नेतृत्व, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहिए, न कि ऐसी सरकार जो जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ ले और लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास करे।

(श्री करन माहरा)

पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी

सदस्य, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button