उत्तराखंडदेशदेहरादून

कालाढूंगी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल। पूर्व अध्यक्ष ने जताई नाराजगी।

कालाढूंगी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल।

पूर्व अध्यक्ष ने जताई नाराजगी।

कालाढूंगी। नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों विभिन्न वार्डों में सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इनमें अधिकांश निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष पुष्कर कत्यूरा ने वार्ड नंबर तीन और छह का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने सड़क और उससे संबंधित अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया, जहां कई कमियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान पूर्व अध्यक्ष पुष्कर कत्यूरा ने सड़क निर्माण से पहले तैयार किए जाने वाले बेस (बेड) की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा जो मानक बताए गए थे, मौके पर निर्माण कार्य उन मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर किए जा रहे ईंट निर्माण को भी जांचा, जहां ईंटों को हाथ लगाने पर ही वे एक-एक करके निकलने लगीं। इस स्थिति को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

पूर्व अध्यक्ष कत्यूरा ने कहा कि वह यहां किसी राजनीतिक हैसियत से नहीं बल्कि एक आम नागरिक के रूप में निरीक्षण करने आए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में जनता के टैक्स का पैसा लगाया जा रहा है और यदि इस तरह से घटिया निर्माण किया जाएगा तो यह सीधे तौर पर जनता के पैसे का दुरुपयोग है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई तो इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। इस दौरान वार्ड छह में स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क के बेस निर्माण के बाद उसमें पानी डालने के लिए कहा गया था लेकिन पानी नहीं डाला गया। इससे सड़क की मजबूती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पूर्व अध्यक्ष पुष्कर कत्यूरा ने कहा कि नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी और संबंधित अभियंता की जिम्मेदारी होती है कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, लेकिन मौजूदा हालात को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वह पालिका क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं भी घटिया सामग्री या मानकों के विपरीत निर्माण पाया गया तो इसकी शिकायत उच्च स्तर पर की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button